सीसी रोड निर्माण में गड़बड़ी पर भड़के अध्यक्ष प्रतिनिधि, ठेकेदार को लगाई फटकार
ब्यूरो रिपोर्ट : राजन प्रजापति
रायबरेली महराजगंज। नगर पंचायत क्षेत्र में बन रही सीसी रोड के निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार के आरोप सामने आने के बाद अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू मौके पर पहुंच गए और जमीनी हकीकत का निरीक्षण किया। जांच के दौरान निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी पाए जाने पर उन्होंने ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। अध्यक्ष प्रतिनिधि ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खराब निर्माण कार्य का भुगतान तत्काल प्रभाव से रोका जाए और सड़क को मानक गुणवत्ता के साथ दोबारा बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कस्बे में अन्य स्थानों पर बनी सड़कों की तरह ही इस सड़क का निर्माण होना चाहिए। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्री साहू ने बताया यह सड़क लगभग 15 लाख रूपये की लागत से बन रही थी जिसको दोबारा सही मानक से बनाया जाएगा तभी भुगतान किया जाएगा।