कुंवर बासित अली का लखनऊ में जोरदार स्वागत
राजन प्रजापति, जागरण टाइम्स न्यूज
लखनऊ। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली का रविवार को लखनऊ पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद यह उनका पहला लखनऊ आगमन था। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत विक्रमादित्य मार्ग स्थित अल्पसंख्यक राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी के आवास से हुई। इसके बाद क्राइस्ट चर्च कॉलेज में कार्यकर्ता स्नेह संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुंवर बासित अली ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और सामाजिक समरसता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने अपनी जिम्मेदारी को सेवा, संगठन और राष्ट्रहित के प्रति महत्वपूर्ण दायित्व बताते हुए कहा कि देशभर में अल्पसंख्यक समाज के बीच संपर्क को और मजबूत किया जाएगा। कुंवर बासित अली ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आगामी चुनाव में भाजपा को तीसरी बार जीत दिलाने के लिए पूरी मेहनत और एकजुटता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। इस अवसर पर राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी, भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी, रहमत अली जिला उपाध्यक्ष रायबरेली अल्पसंख्यक मोर्चा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।