प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण करने पहुंचे प्रभात साहू, दो वाटर फ्रीजर व तालाब सौंदर्यीकरण की घोषणा
ब्यूरो रिपोर्ट: राजन प्रजापति
महराजगंज रायबरेली। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू ने रविवार को कस्बे के पूरे रानी में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आवास निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए पात्र लाभार्थियों को आश्वस्त किया कि आवास की दूसरी किस्त शीघ्र जारी कराए जाने के लिए आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्रभात साहू ने वार्ड की जनसमस्याओं को भी सुना। उन्होंने पूरे रानी स्थित एक तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्ताव भेजने की घोषणा करते हुए कहा कि तालाब के विकास से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। भीषण गर्मी को देखते हुए नगरवासियों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो नए वाटर फ्रीजर लगाए जाने की भी घोषणा की गई। इनमें एक फ्रीजर पूरे रानी तथा दूसरा पूरे सुखई चौराहे पर स्थापित किया जाएगा। इसके लिए स्थान चिन्हित कर लिया गया है और जल्द ही दोनों फ्रीजर जनता की सेवा में उपलब्ध होंगे। नगर पंचायत की इस पहल से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। वार्ड के लोगों ने शीतल पेयजल की व्यवस्था कराने तथा क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष सरला साहू एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू का आभार व्यक्त किया।