अघोषित बिजली कटौती पर भड़का जनाक्रोश, पावर हाउस का किया गया घेराव
ब्यूरो रिपोर्ट : राजन प्रजापति
महराजगंज रायबरेली। सोमवार को क्षेत्र में बिजली की लचर व्यवस्था और अघोषित कटौती के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। रात के समय लगातार हो रही बिजली कटौती और विभागीय अधिकारियों की उदासीनता से नाराज ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 11 बजे मऊ गर्वी निवासी भोलू सिंह के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों व अधिवक्ताओं ने बिजली विभाग कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लंबे समय से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बदहाल है, जिससे खासकर रात में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आक्रोशित लोगों ने पहले पावर हाउस के बाहर नारेबाजी की, इसके बाद अधिशासी अभियंता संदीप कुमार के कक्ष में पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान उन्होंने एक ज्ञापन सौंपते हुए बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार और जिम्मेदार अधिकारियों के रवैये में बदलाव की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बिजली विभाग के लाइनमैनों पर गंभीर आरोप भी लगाए गए। लोगों का कहना था कि कुछ लाइनमैन रुपये लेकर तार जोड़ने का काम करते हैं, समय पर शिकायतों का समाधान नहीं करते और मनमानी करते हुए धन उगाही में लगे रहते है, इधर उधर बैठकर टाइम पास करते रहते है तार जोड़ने में लापरवाही करते है 200 से लेकर 500 तक धन उगाही करते है तब तार जोड़ते है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अभियंता ने आश्वासन दिया कि लाइनमैनों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विरोध प्रदर्शन में वरिष्ठ अधिवक्ता विद्या सागर अवस्थी, आलू महाराज, दीपक भदौरिया, अमरीश अवस्थी, राहुल मिश्रा, समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।