पिकअप की टक्कर से महिला की मौत, आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन

पिकअप की टक्कर से महिला की मौत, आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन
पिकअप की टक्कर से महिला की मौत, आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन

ब्यूरो रिपोर्ट : राजन प्रजापति 

रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के लखनऊ-प्रयागराज हाईवे स्थित सारस ओवरब्रिज पर मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और तीन वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। जानकारी के अनुसार, उन्नाव से गोपीगंज की ओर प्लास्टिक शीट लेकर जा रही एक पिकअप का सारस ओवरब्रिज पर अचानक टायर फट गया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर बगल से गुजर रही बाइक से जा टकराया। हादसे में बाइक सवार पूरे गोसाईं पिंडारी कला निवासी शिवम, उनकी पत्नी शिवानी (25) और उनकी तीन वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार शिवानी को उसके मायके छोड़ने के लिए डलमऊ क्षेत्र जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही मिल एरिया पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए तीनों को एम्स रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान शिवानी की मौत हो गई। वहीं शिवम और उनकी पुत्री का उपचार जारी है। हादसे में पिकअप चालक निवासी उन्नाव भी घायल बताया गया है। महिला की मौत की खबर मिलते ही शाम करीब छह बजे परिजन और ग्रामीण शव लेकर विरोध प्रदर्शन पर बैठ गए। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद मौके पर पहुंचे सीओ सिटी और सिटी मजिस्ट्रेट ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।