महराजगंज: स्कूली वाहन को तेज रफ्तार डंपर ने मारी जोरदार टक्कर, घायल छात्र को अस्पताल लेकर पहुंचे रणविजय सिंह प्रधान प्रतिनिधि

ब्यूरो रिपोर्ट: राजन प्रजापति
महराजगंज रायबरेली। स्कूली वाहन को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। यह हादसा खेरवा-मुरैनी के पास हुआ। टक्कर के बाद स्कूल वाहन अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। मौके पर पहुंचे प्रधान प्रतिनिधि रणविजय सिंह एडवोकेट व ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने सभी बच्चों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में एक बच्चे के सर में चोट आई। घायल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। घायल कपिल पुत्र देश राज गुरुकुल महाविद्यालय पुरासी हलोर का छात्र है। जानकारी के अनुसार अन्य सभी बच्चे सुरक्षित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर ट्रकों की आवाजाही बहुत ज्यादा है। इससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग ने 15-20 दिन पहले सड़क पर गिट्टी डाली थी। यह गिट्टी अभी तक सड़क पर बिखरी पड़ी है। यह भी हादसों का कारण बन रही है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि वह इस मामले का संज्ञान लें। साथ ही पीडब्ल्यूडी से सड़क किनारे की भराई करने और बिखरी गिट्टी हटाने की मांग की गई है।




