सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर महराजगंज में भव्य शिवभजन कार्यक्रम, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
ब्यूरो रिपोर्ट: राजन प्रजापति
महराजगंज, रायबरेली। रविवार को महराजगंज कस्बा के दानेश्वर मन्दिर में भगवान शिव भजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन सोमनाथ स्वाभिमान पर्व अटूट आस्था के 1000 वर्ष के उपलक्ष्य में श्री दानेश्वर मंदिर, महराजगंज में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपनी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम के दौरान पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। शिव भजनों की मधुर ध्वनि से वातावरण गुंजायमान रहा और श्रद्धालु भावविभोर होकर भक्ति में लीन नजर आए। आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों में धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करना और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखना रहा। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू द्वारा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सरला साहू, अधिशासी अधिकारी राम आशीष वर्मा, वरिष्ठ लिपिक राम चंद्र, जमुना प्रसाद, सूर्य प्रकाश वर्मा, सभासद धर्मेंद्र वर्मा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सफलता में स्थानीय लोगों और आयोजकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने मिलकर इस धार्मिक आयोजन को भव्य रूप प्रदान किया।