नगर के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी: प्रभात साहू
ब्यूरो रिपोर्ट : राजन प्रजापति
महराजगंज रायबरेली। नगर पंचायत महराजगंज में विकास कार्यों को नई गति देने के लिए आजाद नगर और आर्य नगर वार्ड में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विभिन्न परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। इन कार्यों के माध्यम से सड़कों और नालियों का निर्माण कर दोनों वार्डों की तस्वीर बदली जाएगी। नगर पंचायत महराजगंज के अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू ने बताया कि नगर के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आजाद नगर (वार्ड नंबर–1) और आर्य नगर (वार्ड नंबर–2) में करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड नंबर 1 आजाद नगर में रामहरक के मकान से राम प्यारे के मकान तक तथा वासुदेव के मकान से रामआधार के मकान तक सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा रामदीन के मकान से संतलाल के मकान तक सीसी रोड के साथ कवर नाली का निर्माण भी किया जाएगा। इसी तरह वार्ड नंबर–2 आर्य नगर में अवस्थी के मकान से कुटी तक सीसी रोड, किशोर के मकान से जीजीआईसी स्कूल रोड तक सीसी रोड तथा अजय के मकान से नवनिर्मित सीसी रोड होते हुए नलकूप तक कवर नाली का निर्माण कराया जाएगा। प्रभात साहू ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से दोनों वार्डों में सड़कों की स्थिति बेहतर होगी और जल निकासी की व्यवस्था भी सुधरेगी, जिससे स्थानीय लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत महराजगंज में विकास कार्य निरंतर जारी हैं और नगर के समग्र विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।