बाबा नीम करौली कैंची धाम स्थापना दिवस पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया
ब्यूरो रिपोर्ट : राजन प्रजापति
महराजगंज रायबरेली। बाबा नीम करौली कैंची धाम स्थापना दिवस के पावन अवसर पर सोमवार को महराजगंज कस्बा में विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और भक्तजनों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया तथा बाबा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। भंडारे का आयोजन ब्लॉक के सामने स्थित पाण्डेय पुस्तक भण्डार परिसर में किया गया। कार्यक्रम के आयोजक पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष विवेक पाण्डेय ने बताया कि बाबा नीम करौली कैंची धाम के स्थापना दिवस को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाते हुए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। कार्यक्रम स्थल पर पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा नीम करौली महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा समाज में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजक ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा नीम करौली महाराज की कृपा से यह धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने क्षेत्र में आध्यात्मिक और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।