बड़े मंगल पर उमड़ा आस्था का सैलाब, विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
ब्यूरो रिपोर्ट : राजन प्रजापति
महराजगंज रायबरेली। ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल के पावन अवसर पर नगर में भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। महराजगंज प्रेस क्लब एवं श्री साईं सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस चौकी के सामने आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे दिन जय श्रीराम और बजरंगबली के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन प्रारंभ हुआ, जिसमें नगर एवं क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। श्री साईं सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील मौर्य ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी की कृपा एवं नगरवासियों के सहयोग से यह आयोजन प्रत्येक वर्ष और अधिक भव्य होता जा रहा है तथा समिति भविष्य में भी जनकल्याणकारी एवं सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाज की सेवा करती रहेगी। भंडारे में विधायक श्यामसुंदर भारती, उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम, तहसीलदार मंजुला मिश्रा, क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार, कांग्रेस नेता सुशील पासी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू, अधिवक्ता विद्यासागर अवस्थी, सरोज गौतम, नागेंद्र सिंह, प्रदीप श्रीवास्तव, विमल रस्तोगी, पवन साहू, सुनील मौर्य प्रधान, अलीम सभासद, संदीप मौर्य
सहित अनेक गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।