तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के बीच बवाल, मारपीट और तोड़फोड़, मुकदमा दर्ज
ब्यूरो रिपोर्ट : राजन प्रजापति
महराजगंज रायबरेली। तहसील परिसर स्थित न्यायालय में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो अधिवक्ताओं के बीच कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। घटना के बाद पूरे तहसील परिसर में तनाव का माहौल बन गया और अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, एक मामले की सुनवाई के दौरान बार एसोसिएशन के वर्तमान महामंत्री और पूर्व महामंत्री के बीच बहस शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इस दौरान एक अधिवक्ता घायल भी हो गए। घटना से न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कामकाज कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। आरोप है कि विवाद के बाद कुछ लोगों ने तहसील परिसर स्थित चैंबर में तोड़फोड़ भी की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बार एसोसिएशन पदाधिकारियों ने मामले को गंभीर बताते हुए बैठक बुलाई और दोनों पक्षों से स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं प्रशासन ने न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूर्व महामंत्री ज्योति प्रकाश अवस्थी की तहरीर पर महामंत्री पंकज श्रीवास्तव पर मुकदमा दर्ज किया गया। बवाल के बाद ज़ब कई थानों की पहुंची पुलिस, शांति व्यवस्था बनी रहे जिसके लिए पुलिस लगातार रही सतर्क, जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है मामला गंभीर है गहनता से जाँच कराई जा रही है।