महराजगंज कस्बा में जाम से नहीं मिल रही राहत, बढ़ी परेशानी
रिपोर्ट: धीरेन्द्र सिंह
महराजगंज रायबरेली। कस्बा में जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। कस्बा के मुख्य बाजार, चौराहों और संकरी सड़कों पर प्रतिदिन घंटों तक वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे आम नागरिक, व्यापारी, स्कूली बच्चे और मरीज खासे परेशान हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जाम अब एक सामान्य घटना बन गया है। सुबह और शाम के समय स्थिति और भी खराब हो जाती है, जब स्कूल, कार्यालय और बाजार एक साथ खुलते और बंद होते हैं। इस दौरान पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। कस्बा में अवैध पार्किंग, सड़क किनारे ठेले-खोमचे, ई-रिक्शा और सड़क पर ही दर्जनों बसों का प्रतिदिन खड़े होने की वजह से जाम के मुख्य कारण बताए जा रहे हैं। अधिकारियों व स्थानीय पुलिस द्वारा समय-समय पर सख्ती और अभियान चलाकर व्यवस्था सुधारने की कोशिश की जाती है। लेकिन उसके बाद भी सुधार नहीं हो रहा है। लगातार कई बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया जो केवल खानापूर्ति कर अधूरा छोड़ दिया जाता है, जिससे फिर वही समस्या सबके लिए आफत बन जाती है। महराजगंज के प्रशासनिक अधिकारी भी जाम में फंसे रहते है उसके बाद भी समस्या को लेकर गंभीर नहीं दिख रहे है। इस जाम के झाम में सबसे ज्यादा एम्बुलेंस फंसी रहती है जिसकी वजह से अस्पताल तक पहुंचना बहुत मुश्किल हो जाता है।